टॉप न्यूज़ 🗺️ राज्य-शहर 🔥 अपराध 🏢 व्यापार जगत 🗳 राजनीति 🌍 मनोरंजन 🏏 खेल जगत ⚡ ऊर्जा विभाग 👮 पुलिस फोर्स 🚦 यातायात सुरक्षा 📰 राष्ट्रीय 📰 अन्तर्राष्ट्रीय
प्रोफाइल
मेरा प्रोफाइल लॉगिन
डार्क मोड
FAQs फीडबैक दें
फीचर्ड अपराध

नौकरी का झांसा देकर वेतन हड़पने का आरोप,: Primefinaxis (Urban Money) के कर्मचारियों ने हजरतगंज थाने में एफआईआर की मांग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में संचालित Primefinaxis (Urban Money) कंपनी के खिलाफ कई कर्मचारियों ने नौकरी का झांसा देकर काम कराने, वेतन रोकने, धमकी देने तथा धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पीड़ित कर्मचारियों ने डीसीपी मध्य एवं थाना हजरतगंज को प्रार्थना पत्र देकर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता अखण्ड प्रताप ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को Primefinaxis (Urban Money) कंपनी में नौकरी शुरू की थी। उनके अनुसार, कंपनी के निर्देशों का पालन करते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को बिना किसी वैध कारण बताए उन्हें और अन्य कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल दिया गया।

पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद कंपनी ने उनका वेतन और फुल एंड फाइनल (F&F) सेटलमेंट भी नहीं किया। कई बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें उनका बकाया भुगतान नहीं दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई 2026 को जब कर्मचारी अपना वेतन मांगने के लिए कंपनी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें कार्यालय में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने उनसे अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि "112 पर कॉल कर लो या लीगल एक्शन ले लो, लेकिन अब वेतन नहीं मिलेगा।"

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी पहले आकर्षक वेतन, बेहतर करियर और स्थायी नौकरी का भरोसा देकर युवाओं की भर्ती करती है। उनसे पूरा काम कराने के बाद योजनाबद्ध तरीके से नौकरी से निकाल दिया जाता है और वेतन रोक लिया जाता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार कर्मचारियों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण किया जा रहा है।

पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कंपनी के मालिक, निदेशक, एचआर विभाग एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन, फुल एंड फाइनल सेटलमेंट तथा अन्य वैधानिक देयकों का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

कर्मचारियों ने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो अन्य नौकरी की तलाश कर रहे युवा भी ऐसी कंपनियों के झांसे में आकर आर्थिक नुकसान और मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो सकते हैं।

कंपनी का पक्ष आना शेष

इस मामले में समाचार प्रकाशित किए जाने तक Primefinaxis (Urban Money) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। यदि कंपनी की ओर से कोई पक्ष या स्पष्टीकरण प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

(अस्वीकरण : यह समाचार कर्मचारियों द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।)

💬 टिप्पणियां

अपनी टिप्पणी दें

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें