बिहार NDA कैबिनेट विस्तार: निशांत कुमार की एंट्री की चर्चा तेज, कल हो सकता है बड़ा ऐलान

पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी हलचल देखने को मिल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मंत्री बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि 7 मई को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में निशांत कुमार भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

27 मंत्री लेंगे शपथ

बिहार में NDA सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार 7 मई को पटना के गांधी मैदान में होगा। दोपहर 12:10 बजे आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कुल 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

जानकारी के मुताबिक, मंत्री पदों का बंटवारा बीजेपी और जेडीयू के बीच लगभग बराबरी पर हुआ है। बीजेपी से 12, जेडीयू से 11, एलजेपी (रामविलास) से 2 और हम व आरएलएम से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। फिलहाल 6 सीटें खाली रखे जाने की संभावना है।

जेडीयू से पुराने और नए चेहरों का मिश्रण

जेडीयू कोटे से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव पहले ही शपथ ले चुके हैं। अब पुराने मंत्रियों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। वहीं श्वेता गुप्ता, भगवान कुशवाहा, रत्नेश सदा, शीला मंडल और बुलो मंडल जैसे नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

बीजेपी की संभावित सूची में कई बड़े नाम

बीजेपी की ओर से विजय सिन्हा, मंगल पांडे, रामकृपाल यादव, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद और प्रमोद कुमार चंद्रवंशी जैसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा संजीव चौरसिया, सुनील पिंटू और नीतीश मिश्रा को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

सहयोगी दलों को भी मिलेगा प्रतिनिधित्व

एलजेपी (रामविलास) से संजय पासवान और संजय कुमार सिंह, हम से संतोष सुमन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

गांधी मैदान में हाई अलर्ट

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना के गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है और आम लोगों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। समारोह के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा है।

बंगाल जीत के बाद बिहार पर NDA का फोकस

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार बिहार आ रहे हैं। ऐसे में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS