पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम इन दिनों शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। आईसीसी महिला चैंपियनशिप के तहत जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने लगातार दूसरा बड़ा मुकाबला अपने नाम कर लिया है। टीम ने दूसरे वनडे में 343 रन का विशाल स्कोर खड़ा करते हुए जिम्बाब्वे को 206 रनों से हरा दिया।

इस मुकाबले में पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज सदफ शम्स और गुल फिरोजा ने शानदार शतक जड़े। सदफ शम्स ने 112 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं गुल फिरोजा ने 95 गेंदों पर 100 रन की तूफानी पारी खेली और 13 चौके लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 189 रन की बड़ी साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
ओपनर्स के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने 4 विकेट खोकर 343 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 137 रन पर सिमट गई और पाकिस्तान ने मुकाबला 206 रन से जीत लिया।
इससे पहले पहले वनडे में भी पाकिस्तान ने 330 रन बनाकर 168 रन से जीत दर्ज की थी। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 9 मई को खेला जाएगा।
वनडे सीरीज के बाद पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज भी होगी। यह सीरीज आगामी महिला टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और पाकिस्तान अपनी शुरुआत भारत के खिलाफ 14 जून को होने वाले मुकाबले से करेगा।
