पोर्ट ऑफ स्पेन/नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में BJP की ऐतिहासिक जीत की गूंज अब विदेशों तक सुनाई दे रही है। त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री Kamla Persad-Bissessar ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और BJP को शानदार जीत पर बधाई दी है। उन्होंने इस जनादेश को भारत के लोकतंत्र की ताकत का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य में BJP की पहली जीत भारतीय राजनीति का एक बड़ा पड़ाव है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले राज्य में मिला यह जनादेश बेहद महत्वपूर्ण है और यह भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी जमकर तारीफ की। कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि पीएम मोदी का शांत, अनुशासित और दृढ़ नेतृत्व लगातार भारत की जनता का विश्वास जीत रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत मजबूती के साथ दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में BJP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके साथ ही राज्य में 15 वर्षों से सत्ता में रही Mamata Banerjee के नेतृत्व वाली TMC सरकार का अंत हो गया है। अब BJP राज्य में सरकार गठन की तैयारी में जुटी हुई है।
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री ने भारत के साथ रिश्तों को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने विदेश मंत्री S. Jaishankar के आगामी दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग और संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
कमला प्रसाद-बिसेसर के संदेश पर जवाब देते हुए एस. जयशंकर ने भी उन्हें धन्यवाद कहा। उन्होंने X पर लिखा कि वह जल्द ही त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचने और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने को लेकर उत्साहित हैं।
भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के रिश्ते लंबे समय से सांस्कृतिक जुड़ाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सहयोग पर आधारित रहे हैं। ऐसे में बंगाल चुनाव पर आई यह बधाई भारत की बढ़ती वैश्विक साख को भी दर्शाती है।
