भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब यात्रियों को वेटिंग टिकट लेकर बार-बार PNR चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नए RailOne मोबाइल ऐप पर टिकट बुकिंग से पहले ही यह जानकारी मिल जाएगी कि आपकी टिकट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है।

रेल मंत्रालय के मुताबिक, RailOne ऐप में AI आधारित प्रेडिक्शन सिस्टम जोड़ा गया है, जो वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने का अनुमान देता है। पहले जहां इस अनुमान की सटीकता करीब 53 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यानी यात्रियों को पहले से ही काफी हद तक अंदाजा मिल जाएगा कि यात्रा आरामदायक होगी या नहीं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि देश के कई व्यस्त रूटों पर टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यात्री मजबूरी में वेटिंग टिकट लेते हैं। RailOne ऐप का यह फीचर ऐसे यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित होगा।
सिर्फ रिजर्वेशन ही नहीं, RailOne ऐप पर जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और ट्रेन की लाइव लोकेशन जैसी कई सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। यात्री रेल मदद हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं। खास बात यह है कि अनरिजर्व्ड टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट भी मिल रही है।
रेल मंत्रालय का मानना है कि RailOne ऐप डिजिटल रेलवे सेवाओं को और मजबूत करेगा और यात्रियों का अनुभव पहले से बेहतर बनाएगा।
