महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में खेले जाने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में दुनिया की 12 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और कई देशों ने अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान भी कर दिया है। फाइनल मुकाबला 7 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।

भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी टीमों से होगा। वहीं ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड, डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमें शामिल हैं।
ग्रुप-ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स ने अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी है, जबकि पाकिस्तान की टीम का ऐलान अभी बाकी है। भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर संभालेंगी और टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया की कमान सोफी मोलिनक्स के हाथों में होगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट रहेंगी। बांग्लादेश की कप्तानी निगार सुल्ताना जोटी और नीदरलैंड्स की कमान बैबेट डी लीडे संभालेंगी।
वहीं ग्रुप-बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड की कप्तानी नैट साइवर-ब्रंट करेंगी, जबकि न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर होंगी। स्कॉटलैंड की कमान कैथरीन ब्राइस के हाथों में रहेगी। दूसरी ओर श्रीलंका, वेस्टइंडीज और आयरलैंड की टीमें अभी अपने स्क्वाड की घोषणा नहीं कर पाई हैं।
इस बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में कई युवा खिलाड़ियों पर भी नजर रहने वाली है। भारतीय टीम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष जैसे स्टार खिलाड़ियों से फैंस को बड़ी उम्मीदें होंगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम एक बार फिर खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
