दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई और अज़रबैजान की एजेंसियों के सहयोग से लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग तस्कर प्रभदीप सिंह को अज़रबैजान की राजधानी बाकू से भारत लाया गया है। आरोपी 358 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में वांटेड था।

13 मई 2026 को स्पेशल सेल की तीन सदस्यीय टीम एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रभदीप सिंह को भारत लेकर पहुंची। आरोपी को साल 2021 में दर्ज एफआईआर नंबर 172/21 के तहत गिरफ्तार किया गया। यह मामला स्पेशल सेल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत दर्ज किया गया था।
विदेश से चलाता था ड्रग नेटवर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक प्रभदीप सिंह विदेश में बैठे ड्रग माफिया नवप्रीत सिंह उर्फ “नव” के भारत स्थित नेटवर्क को संभालता था। नवप्रीत की आखिरी लोकेशन तुर्की बताई गई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं।
पुलिस के अनुसार प्रभदीप भारत में मौजूद आरोपियों तक ड्रग सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े निर्देश पहुंचाता था। 333 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह भी उसी के संपर्क में थे। प्रभदीप ड्रग्स की खेप की मूवमेंट पर नजर रखता था और पूरे सिंडिकेट के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था।
ऐसे खुला था पूरा मामला
साल 2021 में दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि रिजवान अहमद उर्फ रिजवान कश्मीरी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी कर रहा है। 5 जुलाई 2021 को स्पेशल सेल ने दक्षिण दिल्ली के घिटोरनी इलाके में जाल बिछाकर रिजवान को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई थी।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अफगानिस्तान में बैठे अफगानी नागरिक ईशा खान के इशारे पर काम करता था। उसके बाद पुलिस ने फरीदाबाद में छापेमारी कर गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह को गिरफ्तार किया।
358 किलो हेरोइन बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की, जिनमें—
- हुंडई वर्ना कार से 166 किलो हेरोइन
- होंडा अमेज कार से 115 किलो हेरोइन
- किराए के फ्लैट से 70 किलो हेरोइन और साइकोट्रॉपिक पदार्थ
इसके अलावा गुरुग्राम से अफगान नागरिक हजरत अली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 2 किलो हेरोइन और करीब 100 किलो ड्रग्स बनाने वाले केमिकल बरामद हुए।
जेल में हुई थी नेटवर्क की शुरुआत
जांच में सामने आया कि गुरप्रीत सिंह की मुलाकात नवप्रीत सिंह उर्फ नव से पंजाब की कपूरथला जेल में हुई थी। दोनों पहले से एनडीपीएस मामलों में जेल में बंद थे और वहीं से इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की शुरुआत हुई।
अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक अफगान नागरिक भी शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में ट्रायल चल रहा है। अब एजेंसियां प्रभदीप सिंह से पूछताछ कर पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, फंडिंग और विदेशी कनेक्शन की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
