दिल्ली रेप-मर्डर केस: आरोपी राहुल मीणा की मां बोलीं—‘मेरा बेटा ऐसा नहीं कर सकता’

नई दिल्ली: राजधानी के कैलाश हिल्स इलाके में एक सीनियर IRS अधिकारी की बेटी के साथ हुई रेप और हत्या की सनसनीखेज वारदात में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस मामले के मुख्य आरोपी राहुल मीणा को लेकर जहां पुलिस जांच तेज है, वहीं परिवार ने उसे निर्दोष बताते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए हैं।

परिवार का दावा—सीधा-सादा था राहुल
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, राजस्थान के अलवर निवासी राहुल मीणा के परिवार ने उसे पढ़ाई में तेज और शांत स्वभाव का बताया है। उसकी मां ने कहा, “मेरा बेटा ऐसा नहीं कर सकता।” उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल की रात राहुल ने उनसे आखिरी बार बात की थी और शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। अगले दिन पुलिस से घटना की जानकारी मिली।
परिवार और गांव के कुछ लोगों ने भी उसे अच्छा बताया, हालांकि कुछ ग्रामीणों ने यह स्वीकार किया कि पढ़ाई के बाद उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई थी, जिससे उसका व्यवहार बदलने लगा था।

कर्ज और विवाद की एंगल की जांच
राहुल की बहन ने दावा किया है कि उस पर लगे आरोप गलत हैं और इसके पीछे पैसों का विवाद हो सकता है। उनके मुताबिक ऑनलाइन गेमिंग के कारण राहुल पर करीब 5 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के दबाव में वह दिल्ली आया था और उसने अपना मोबाइल तक गिरवी रख दिया था।
वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का स्वभाव हिंसक था और वह कर्ज में डूबा हुआ था। साथ ही उसके पिता के शराब की लत होने की बात भी सामने आई है।

22 अप्रैल को वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 की सुबह जब IRS अधिकारी और उनकी पत्नी जिम गए हुए थे, तभी आरोपी घर में घुसा। उसने युवती पर टेबल लैंप से हमला किया, फिर रेप के बाद मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी।
मृतका IIT Delhi की पासआउट थी और UPSC की तैयारी कर रही थी।

वारदात के बाद आरोपी ने बायोमेट्रिक लॉकर खोलने के लिए मृतका की उंगलियों के निशान का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद वह घर से नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया।

द्वारका से गिरफ्तारी
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को दिल्ली के द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की गहन जांच जारी है।

(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS