यूपी के मऊ में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो–ट्रेलर टक्कर में 5 की मौत, शादी से लौट रहा परिवार उजड़ा

मऊ/लखनऊ:
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर करीब 2 बजे एक स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, परिवार रांची में शादी समारोह संपन्न कर अपने गांव रानीडीहा लौट रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में साथ चल रहा पालतू कुत्ता भी नहीं बच सका।

मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) के रूप में हुई है। इसके अलावा रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28), जो गया जिले के मटीहानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, की भी मौत हो गई।

क्षेत्र में शोक की लहर
एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS