एमिटी छात्र की संदिग्ध मौत: मां ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा। सेक्टर-94 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एमिटी विश्वविद्यालय के एक छात्र की मौत का मामला अब संदिग्ध होता जा रहा है। मृतक छात्र की मां ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतक की पहचान हर्षित भट्ट (23) के रूप में हुई है, जो सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय से शारीरिक शिक्षा में स्नातक कर रहा था। जानकारी के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद बुधवार शाम हर्षित अपने तीन दोस्तों—हिमांशु, व्यास और कृष—के साथ पिकनिक मनाने सेक्टर-94 गया था।

शरीर पर चोट के निशान, मां ने उठाए सवाल
हर्षित की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर्षित के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे गड्ढे में धक्का देकर मार दिया गया।

पुलिस का दावा—नशे में हुआ हादसा
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मियां खान के अनुसार, चारों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में हर्षित गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया और तैरते समय डूब गया। उसे बचाने के लिए उसके तीनों दोस्त भी कूदे, लेकिन वे भी डूबने लगे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, अग्निशमन दल और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हर्षित को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

खुला था बैरिकेडिंग का हिस्सा
पुलिस के मुताबिक, गड्ढे के चारों ओर करीब आठ फुट ऊंची बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन एक हिस्सा खुला हुआ था, जिससे हर्षित अंदर पहुंचा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गुरुवार सुबह तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया है। रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं मृतक के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं—हादसा और हत्या—दोनों एंगल से जांच कर रही है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS