अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के एक हॉस्टल में पुलिस और यूनिवर्सिटी सुरक्षा टीम की संयुक्त कार्रवाई में कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। यह छापेमारी ‘सर जियाउद्दीन हॉल’ के एक कमरे में की गई, जहां से कारतूस, जाली मुद्रा, मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर मिले हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान कमरे से 32 बोर की पिस्टल की गोलियां, 12 बोर के चार कारतूस, जाली नोट, आठ मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर बरामद हुए।
AMU के प्रॉक्टर नावेद खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमरे में शेवाज नाम का एक व्यक्ति अवैध रूप से रह रहा था। आरोप है कि उसने कमरे के वैध छात्रों को जबरन बाहर निकालकर कई महीनों से कब्जा कर रखा था।
प्रॉक्टर के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि शेवाज ने पहले AMU में किसी कोर्स में दाखिला लिया था, लेकिन वह छात्रावास का नियमित निवासी नहीं था। यानी वह ‘नॉन-रेजिडेंट स्टूडेंट’ के रूप में दर्ज था।
पुलिस ने कमरे के एक वैध आवंटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शेवाज ने कमरे पर कब्जा कैसे किया और उसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सिविल लाइंस इलाके में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर की गई। इस मामले में पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे पूछताछ में शेवाज का नाम सामने आया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और बरामद सामान की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
