लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। राजधानी लखनऊ समेत उन्नाव, सीतापुर, बहराइच और कई जिलों में धूलभरी आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में भारी ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे सड़कें सफेद नजर आने लगीं। तेज हवाओं और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

ओलों से सफेद हुई सड़कें
उन्नाव में हुई भारी ओलावृष्टि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़े-बड़े ओले गिरने से सड़क पूरी तरह सफेद दिखाई देने लगी। वहीं सीतापुर में तेज हवाओं और ओलों की वजह से कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। एक मॉल के शीे टूटने की भी सूचना है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
आंधी और बारिश से बदला मौसम
दोपहर तक तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद लोग सड़कों और बाजारों में मौसम का आनंद लेते नजर आए। किसानों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है।
अगले कुछ घंटों तक मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब बना रह सकता है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
38 जिलों में अलर्ट जारी
IMD ने प्रदेश के 38 जिलों के लिए बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मंगलवार को भी बदला था मौसम
इससे पहले मंगलवार को भी बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और बिजनौर समेत कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक देखने को मिली थी। कई इलाकों में धूलभरी हवाओं और काले बादलों के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया था।
