बरपेटा (असम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की हार की “सेंचुरी” लगने वाली है और यह रिकॉर्ड असम की जनता बनाएगी।

प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि राज्य में भाजपा-एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, “असम की जनता ने इस बार दो काम पक्के कर लिए हैं—एक, भाजपा-एनडीए की हैट्रिक और दूसरा, कांग्रेस के शाही परिवार की हार की सेंचुरी।”
बीजेपी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा “नेशन फर्स्ट” के मंत्र के साथ देश सेवा में समर्पित है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।
कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी के पास कभी लंबी अवधि का विजन नहीं रहा और वह हमेशा शॉर्ट-टर्म फायदे और भ्रष्टाचार पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा, “कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती, जबकि भाजपा सरकार पारदर्शिता के साथ अपने कामों का हिसाब देती है।”
असम के विकास को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य ने पिछले दशक में डर और अस्थिरता से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आने वाला दशक असम को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का होगा।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के दौरान धान किसानों को एमएसपी के रूप में केवल 4 लाख करोड़ रुपये मिले, जबकि उनकी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 16 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने बताया कि 2013 में धान का एमएसपी 1,300 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर लगभग 2,370 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।
प्रधानमंत्री ने असम की जनता से अपील की कि उनका हर वोट “विकसित असम” की मजबूत नींव रखने में अहम भूमिका निभाएगा।
