न्यूज़ रिपोर्ट (आवाज़ प्लस):
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी नौसेना ने साफ कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) अब कभी भी अपनी पुरानी स्थिति में वापस नहीं आएगा, खासकर अमेरिका और इजरायल के लिए।

ईरान के सरकारी प्रसारक ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, नौसेना कमान ने कसम खाते हुए कहा कि हालिया जंग के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग में “अपरिवर्तनीय बदलाव” आ चुके हैं। बयान में यह भी कहा गया कि अब अमेरिका के नेतृत्व वाली बाहरी ताकतें ईरान के समुद्री क्षेत्र में अपनी शर्तें नहीं थोप पाएंगी।
आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) की नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि फारस की खाड़ी में एक “नई व्यवस्था” स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की कोशिश करता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
गौरतलब है कि इस समय होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की पकड़ बनी हुई है। ईरानी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यह समुद्री मार्ग फिलहाल अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी देशों से जुड़े जहाजों को छोड़कर अन्य देशों के लिए खुला है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है और यहां किसी भी तरह का बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार और भू-राजनीतिक संतुलन पर बड़ा असर डाल सकता है।
