अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump एक बार फिर अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लंबा पोस्ट लिखकर अमेरिकी मीडिया और अपने आलोचकों पर जमकर निशाना साधा।

ट्रंप ने कुछ अमेरिकी नागरिकों को ही “कायर” करार देते हुए आरोप लगाया कि वे गलत तरीके से ईरान का पक्ष ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज के जरिए यह दिखाने की कोशिश की जा रही है कि सैन्य मोर्चे पर ईरान अमेरिका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, जबकि ऐसा कहना अमेरिका विरोधी सोच को बढ़ावा देना है।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि इस तरह की खबरें ईरान को झूठी उम्मीद देती हैं और अमेरिका के दुश्मनों का मनोबल बढ़ाती हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को “कायर” बताते हुए कहा कि वे अपने ही देश के खिलाफ खड़े हैं।
इसके साथ ही ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना पूरी तरह तबाह हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के कई जहाज समुद्र में डूब चुके हैं और उसकी वायुसेना, तकनीक तथा सैन्य नेतृत्व को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में पहुंच चुका है।
अपने विरोधियों पर हमला जारी रखते हुए ट्रंप ने उन्हें “मूर्ख”, “एहसान फरामोश” और “लूजर” तक बता दिया। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और दुनिया की नजर अमेरिका-ईरान संबंधों पर टिकी हुई है।
ट्रंप के इस आक्रामक बयान के बाद अमेरिकी राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। विपक्षी नेताओं और कई विश्लेषकों ने उनके बयान को बेहद भड़काऊ बताया है, जबकि उनके समर्थक इसे अमेरिका के हित में दिया गया कड़ा संदेश मान रहे हैं।
