पुणे। महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता सुनेत्रा पवार ने सोमवार को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और हसन मुशरिफ समेत शिवसेना प्रमुख व डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद रहे।

23 अप्रैल को मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे बारामती सीट पर उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी। यह उपचुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद कराया जा रहा है।
भावुक अपील: ‘मुझे भी वही प्यार दें जो अजित दादा को मिला’
नामांकन दाखिल करने से पहले सुनेत्रा पवार ने बारामती की जनता को संबोधित करते हुए भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहला चुनाव है जब अजित पवार उनके बीच नहीं हैं और उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें भी वैसा ही समर्थन दें जैसा हमेशा अजित दादा को मिलता रहा।
विकास की विरासत को आगे बढ़ाने का वादा
सुनेत्रा पवार ने कहा कि वे अजित पवार की विकास की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारामती में विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखा जाएगा।
किसानों और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों के लिए पर्याप्त पानी मिलता रहेगा और शहर को खासकर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
कांग्रेस ने आकाश मोरे को बनाया उम्मीदवार
इस उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिससे मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।
