दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक: बैरियर तोड़ अंदर घुसी कार, स्पीकर की गाड़ी के पास छोड़ा गुलदस्ता

नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली की विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, एक अज्ञात कार बैरियर तोड़ते हुए गेट नंबर 2 से विधानसभा परिसर में घुस गई और बाद में बिना किसी रोक-टोक के फरार हो गई।

विधानसभा कार्यालय के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे VIP गेट की ओर से आई इस कार ने सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया। परिसर में घुसने के बाद वाहन चालक ने विधानसभा स्पीकर की गाड़ी के पास फूलों का गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे और फिर उसी रास्ते से बाहर निकल गया। बताया जा रहा है कि कार उत्तर प्रदेश नंबर की थी और जबरन प्रवेश के दौरान लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया।

इस घटना के बाद विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं और परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ चुके हैं। 13 दिसंबर 2023 को संसद में हुई सुरक्षा चूक ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस दिन लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से कूदकर सदन में पहुंच गए थे और स्मोक कैनिस्टर से पीला धुआं फैला दिया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया था।

दिल्ली विधानसभा की ताजा घटना ने एक बार फिर संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए जाते हैं।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS