पवन खेड़ा को तेलंगाना हाईकोर्ट से राहत, असम मामले में मिली अग्रिम जमानत

लखनऊ/हैदराबाद | आवाज़ प्लस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा को असम में दर्ज मामले में बड़ी राहत मिली है। तेलंगाना हाईकोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान करते हुए एक सप्ताह की अंतरिम सुरक्षा दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के भीतर खेड़ा को गुवाहाटी की संबंधित अदालत में पेश होना होगा।

दरअसल, पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद रिनिकी भुइयां शर्मा की शिकायत पर गुवाहाटी में खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। असम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जिसमें चुनाव से जुड़े कथित झूठे बयान और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं।

गिरफ्तारी की आशंका के चलते खेड़ा ने तेलंगाना हाईकोर्ट का रुख किया। अपनी याचिका में उन्होंने कहा कि वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं, उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और वह जांच में सहयोग करने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका आवासीय पता हैदराबाद में है और उनका तेलंगाना से व्यक्तिगत संबंध भी है।

यह याचिका 7 अप्रैल को दायर की गई थी, जिस पर 9 अप्रैल को सुनवाई हुई और 10 अप्रैल को अदालत ने अग्रिम जमानत दे दी। खेड़ा ने अपनी याचिका में गुवाहाटी अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त और तेलंगाना सरकार को पक्षकार बनाया था।

क्या है विवाद?
5 अप्रैल को पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्तियां हैं, जिनका खुलासा चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया। हालांकि, शर्मा परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है।

राजनीतिक बयानबाज़ी तेज
इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। एक वीडियो संदेश में खेड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी ने केवल सवाल पूछे हैं और जवाब मांगना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सवालों के जवाब देने के बजाय उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर बिना सत्यापन के आरोप लगाने का आरोप लगाया और कहा कि कानून अपना काम करेगा।


फिलहाल, अदालत से मिली राहत के बाद पवन खेड़ा को एक सप्ताह के भीतर गुवाहाटी कोर्ट में पेश होकर आगे की कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS