खौफनाक वारदात: बीएड छात्र की घर में घुसकर हथौड़े से हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा (झारखंड): जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बीएड के छात्र नीरज कुमार (24) की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज हाल ही में ग्वालियर से परीक्षा देकर लौटे थे और घटना के समय घर पर अकेले थे। देर रात करीब 10 बजे तीन हमलावर पुरानी रंजिश के चलते उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले नीरज के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और फिर हथौड़े से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उनके सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नीरज गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के पिता इंद्रदेव यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मेरा बेटा पढ़ाई में होनहार था, उसका उज्ज्वल भविष्य था, लेकिन इन लोगों ने सब खत्म कर दिया।” उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी मनीषा कुमारी ने बताया कि घटना सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर पुष्ट हो चुकी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी हथौड़े से लगी चोटों को मौत का कारण बताया गया है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान गोपनीय रखी है और उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में पुरानी जमीन विवाद के साथ अन्य संभावित एंगल की भी जांच जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS