नोएडा, आवाज़ प्लस।
नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं, वहीं पूरे NCR क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

सुबह से ही पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में तैनात रहीं और कर्मचारियों को एकत्र होने से रोकने के प्रयास किए गए। पुलिस कर्मी प्रदर्शनकारियों को फैक्ट्रियों तक पहुंचने से पहले ही वापस भेज रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
नोएडा फेज-2 स्थित लक्सर कंपनी के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर इकट्ठा होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 12 घंटे काम करने के बावजूद उन्हें मात्र 11 हजार रुपये वेतन मिल रहा है, जो मौजूदा महंगाई में बेहद कम है। उन्होंने वेतन बढ़ाकर कम से कम 20 हजार रुपये करने की मांग की है।
इस बीच, कुछ स्थानों पर प्रदर्शन उग्र भी हुआ है। पुलिस की एक बस पर पथराव की घटना सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। हालांकि पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील कर रही है।
प्रशासन का दावा है कि मजदूरों की कई मांगों पर पहले ही सहमति बन चुकी है, लेकिन कर्मचारी अभी भी अपने मुद्दों पर अड़े हुए हैं। स्थिति को देखते हुए अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार हैं।
(आगे की अपडेट्स के लिए बने रहें आवाज़ प्लस के साथ)
