पश्चिम एशिया में तनाव पर चीन-पाकिस्तान की अहम बातचीत, कूटनीति पर जोर

इस्लामाबाद | आवाज़ प्लस

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और चीन के बीच उच्चस्तरीय बातचीत हुई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से फोन पर चर्चा कर हालिया इस्लामाबाद वार्ता की जानकारी साझा की।

चीन की ओर से स्पष्ट संदेश देते हुए वांग यी ने कहा कि क्षेत्र में अमेरिका-ईरान के बीच किसी भी तरह के संघर्ष को भड़कने से रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि कठिन प्रयासों से हासिल किए गए संघर्षविराम को बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनी रह सके।

चीनी सरकारी एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, वांग यी ने पाकिस्तान के शांति प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस्लामाबाद ने क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाई है।

वहीं, इशाक डार ने भी बातचीत के दौरान पाकिस्तान की कूटनीतिक नीति को दोहराते हुए कहा कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र व्यावहारिक रास्ता है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और चीन के बीच 5 सूत्रीय शांति पहल पर भी चर्चा हुई और दोनों देशों ने लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

गौरतलब है कि इससे पहले इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता के बाद इशाक डार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पाकिस्तान इस तरह की वार्ता की मेजबानी कर खुद को सम्मानित महसूस करता है। उन्होंने अमेरिका और ईरान का आभार जताते हुए उम्मीद जताई थी कि दोनों देश भविष्य में भी संघर्षविराम समझौतों का पालन करेंगे।

चीन और पाकिस्तान की यह बातचीत साफ संकेत देती है कि पश्चिम एशिया में शांति बनाए रखने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो रहे हैं और वैश्विक स्तर पर तनाव कम करने की कोशिशें जारी हैं।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS