ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गूलरभोज-दिनेशपुर क्षेत्र में तड़के संयुक्त अभियान चलाकर कई अवैध धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, ये सभी निर्माण सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर किए गए थे। करीब तीन महीने पहले हुए सर्वे के बाद संबंधित कब्जेदारों को नोटिस जारी कर भूमि स्वामित्व और निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वे ऐसा करने में असफल रहे।
ठंडा नाला क्षेत्र में भी अवैध कब्जों को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी। कुछ कब्जेदारों ने हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन धार्मिक संरचनाओं के मामले में किसी प्रकार की रोक नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई को अंजाम दिया।
जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाकर तीन अवैध धार्मिक ढांचों को ध्वस्त किया और जमीन को कब्जे में ले लिया।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि इन निर्माणों के लिए न तो कोई अनुमति ली गई थी और न ही स्वामित्व के वैध दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है और जिले में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
आवाज़ प्लस
