🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ | आवाज़ प्लस
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में रविवार देर रात एक मामूली पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान पंकज के रूप में हुई है, जो नोएडा से अपने छोटे भाई पारस के बुलावे पर रात करीब 2 बजे प्रीत विहार पहुंचा था। पारस और उसी मकान में रहने वाले गौरव शर्मा के बीच पिछले कुछ दिनों से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था।
रविवार रात विवाद बढ़ने पर पारस ने पंकज को मौके पर बुलाया, लेकिन मामला सुलझने की बजाय और बिगड़ गया। इसी दौरान आरोपी गौरव शर्मा ने पंकज को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हथियार को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद गौरव शर्मा फरार है। वहीं उसकी पत्नी का कहना है कि गौरव के पास कोई हथियार नहीं था। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी ने हथियार कहां से लाया और क्या उसने पहले से वारदात की योजना बनाई थी।
पार्किंग बना विवाद की जड़
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास BMW और फॉर्च्यूनर जैसी दो गाड़ियां थीं, लेकिन पार्किंग की जगह केवल एक थी। BMW पहले से पार्क थी, जबकि फॉर्च्यूनर खड़ी करने को लेकर विवाद बढ़ा और यह हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में कई टीमें जुटाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
📌 फिलहाल सवाल कायम:
- आरोपी के पास हथियार कहां से आया?
- क्या हत्या पूर्व नियोजित थी?
- क्या पार्किंग विवाद पहले से गंभीर रूप ले चुका था?
आवाज़ प्लस के लिए रिपोर्ट
