बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग, लोकार्पण से पहले मची अफरा-तफरी

बालोतरा | आवाज़ प्लस
राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए रिफाइनरी में मौजूद कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद हालात बेहद भयावह हो गए थे और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और तकनीकी टीम जांच में जुटी हुई है।

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस रिफाइनरी का लोकार्पण प्रस्तावित है। वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी आज शाम करीब 4 बजे यहां दौरा निर्धारित था।

अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्य जारी है तथा अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS