दिल्ली में यूपी के इनामी बदमाश का ‘हाफ एनकाउंटर’, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

नई दिल्लीः दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीम ने उत्तर प्रदेश के वांछित अपराधी मोहम्मद रिजवान को ‘हाफ एनकाउंटर’ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, देर रात रिजवान की लोकेशन अमर कॉलोनी इलाके के पास मिलने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया और गिरफ्तार कर लिया।

यूपी पुलिस ने रखा था इनाम
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवान (उम्र करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के ओल्ड मुस्तफाबाद इलाके का निवासी है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था। लंबे समय से फरार चल रहे रिजवान की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस ने 17 फरवरी 2026 को 15,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

28 आपराधिक मामलों में वांछित
जांच में सामने आया है कि रिजवान एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 24 मामले दिल्ली और 4 उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं। उसके अधिकांश अपराध झपटमारी और चोरी से जुड़े हैं, हालांकि कुछ गंभीर मामलों में भी उसकी संलिप्तता पाई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चोरी के 10 से अधिक मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS