बाहुबली अनंत सिंह समेत 9 पर FIR, हथियार लहराने और अश्लील डांस मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत कार्यक्रम में हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील डांस के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर वीडियो की जांच के बाद मीरगंज थाना में FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने इस मामले में अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि 2 मई को अनंत सिंह गोपालगंज पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित जनेऊ समारोह में उनका भव्य स्वागत किया गया था।

वायरल वीडियो में समर्थक खुलेआम हथियार लहराते नजर आए। वहीं बार-बालाओं के साथ अश्लील नृत्य और नोटों की बारिश का दृश्य भी कैमरे में कैद हुआ। कार्यक्रम के दौरान शक्ति प्रदर्शन जैसा माहौल देखने को मिला। वीडियो में अनंत सिंह भी कार्यक्रम का आनंद लेते दिखाई दिए।

पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है उनमें गुड्डू रॉय उर्फ अमरेश रॉय, उत्सव रॉय, प्रियांशु कुमार, टिशू रॉय, सौरव कुमार राय उर्फ टीकोरी रॉय, विशाल रॉय, सिनील यादव, गुंजन सिंह और अनंत सिंह शामिल हैं।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील कार्यक्रम कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

AWAZ PLUS NEWS

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS