बांस के पेड़ पर लाल पोटली में मिला बच्चे का नरकंकाल, गांव में फैली दहशत

मध्य प्रदेश के Sidhi जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में बांस के पेड़ पर लाल कपड़े की पोटली में एक मासूम बच्चे का नरकंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल है।

Image

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह गांव के लोगों की नजर बांस के पेड़ पर टंगी एक लाल पोटली पर पड़ी। पोटली संदिग्ध लगने पर जब ग्रामीणों ने उसे खोलकर देखा, तो अंदर बच्चे का नरकंकाल मिला। यह खौफनाक दृश्य देखते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीण सत्य प्रकाश बैगा ने बताया कि कुछ समय पहले गांव में एक बच्चे की मौत हुई थी, जिसे गांव में ही दफनाया गया था। अब आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कब्र से शव निकालकर तंत्र-मंत्र या जादू-टोने जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल किया हो सकता है। ग्रामीणों को दफन स्थल पर खुदाई के निशान भी मिले हैं, जिससे शक और गहरा गया है।

घटना की सूचना मिलने पर भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खम्हरिया निवासी रायभान सिंह ने पुलिस को बताया कि यह पोटली किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में रख दी थी। परिवार डर गया और बाद में पोटली को घर से हटाकर बांस के पेड़ पर रख दिया गया।

भुईमाड़ थाना प्रभारी डी.डी. सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में दफनस्थल पर खुदाई के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बच्चे के शव को कब और किसने कब्र से निकाला।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS