विश्व क्रिकेट में एक बार फिर टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला है। ICC की ताजा सालाना रैंकिंग में भारत ने ODI और T20 इंटरनेशनल दोनों फॉर्मेट में नंबर-1 की कुर्सी बरकरार रखी है। भारतीय टीम की लगातार शानदार परफॉर्मेंस ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में उसका मुकाबला करना आसान नहीं है।

T20 में भारत की बादशाहत कायम
ICC की नई T20I रैंकिंग में भारत 275 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। लगातार दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया की पकड़ और मजबूत हुई है। इंग्लैंड 262 पॉइंट्स के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 258 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है।
ODI में भी टीम इंडिया टॉप पर
वनडे रैंकिंग में भी भारत ने अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। टीम इंडिया के 118 रेटिंग पॉइंट्स हैं और वह न्यूजीलैंड से पांच अंक आगे है। न्यूजीलैंड 113 पॉइंट्स के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 109 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है।
वहीं साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पीछे छोड़ चौथा स्थान हासिल कर लिया है। पाकिस्तान की गिरती रैंकिंग उसके हालिया प्रदर्शन पर सवाल खड़े कर रही है।
टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया 131 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया की नंबर-1 टीम बनी हुई है। साउथ अफ्रीका दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। टीम इंडिया ने एक स्थान की छलांग लगाते हुए इंग्लैंड को पीछे छोड़ा है।
रैंकिंग कैसे तय होती है?
ICC की सालाना रैंकिंग मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को 100 प्रतिशत और उससे पहले के दो सालों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत वेटेज देकर तैयार की गई है। यही वजह है कि हर द्विपक्षीय सीरीज और ICC टूर्नामेंट टीमों की रैंकिंग पर बड़ा असर डालते हैं।
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए यह खबर गर्व की बात है कि टीम इंडिया सीमित ओवरों के क्रिकेट में दुनिया की सबसे मजबूत टीम बनी हुई है।
