वॉशिंगटन/नाइजीरिया। वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका ने एक बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए ISIS के शीर्ष आतंकियों में शामिल अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया।

राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, अबू-बिलाल अल-मिनुकी ISIS के ग्लोबल नेटवर्क का दूसरा सबसे बड़ा कमांडर माना जाता था और अफ्रीका में रहकर आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। अमेरिकी खुफिया एजेंसियां लंबे समय से उसकी गतिविधियों और ठिकानों पर नजर बनाए हुए थीं।
अमेरिका का दावा है कि अल-मिनुकी कई आतंकी साजिशों में शामिल था और अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाने की योजनाएं भी तैयार कर रहा था। ऐसे में उसके मारे जाने को ISIS के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस ऑपरेशन की तैयारी कई महीनों से की जा रही थी। इसमें अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज, इंटेलिजेंस एजेंसियों और नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने मिलकर कार्रवाई की। कठिन परिस्थितियों के बीच चलाए गए इस मिशन को सफल बताया जा रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ऑपरेशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और दुनिया में शांति बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीका के कई क्षेत्रों में ISIS और उससे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। यही वजह है कि अमेरिका और अफ्रीकी देशों के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।
