फरीदाबाद में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला शूटर

गुरुग्राम में मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में बड़ा मोड़ आया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल एक शूटर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम इशांत उर्फ इशू गांधी है, जिसकी उम्र लगभग 19 साल बताई जा रही है। वह फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी का रहने वाला है और लंबे समय से कुख्यात नीरज फरीदपुरिया गैंग से जुड़ा हुआ था।

पुलिस को मिली थी पुख्ता सूचना

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच-30 को सूचना मिली थी कि आरोपी फरीदपुर गांव से लौटने वाला है। पुलिस ने तुरंत फरीदपुर रोड पर नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान इशांत बाइक पर आता दिखा। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने अचानक ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में चला दर्जनों राउंड गोली

पुलिस और आरोपी के बीच लगभग 7 राउंड फायरिंग हुई। इसमें से 4 गोलियां आरोपी ने चलाईं और अपने बचाव में पुलिस ने 3 गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में इशांत के दाहिने पैर में घुटने और टखने के बीच गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

अस्पताल में भर्ती, हथियार बरामद

घायल हालत में आरोपी को तुरंत फरीदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल और बाइक बरामद की है। अब क्राइम ब्रांच यह जांच कर रही है कि इशांत कब से नीरज फरीदपुरिया गैंग से जुड़ा था और किन-किन अपराधों में शामिल रहा है।

गुरुग्राम में हुई थी अंधाधुंध फायरिंग

बता दें कि यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर-57 की है। कुछ दिन पहले सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर एल्विश यादव के घर पहुंचे थे और गेट के बाहर से लगभग दो दर्जन गोलियां दागी थीं। उस वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य अंदर थे। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।

फायरिंग के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए थे। तभी से पुलिस सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूत्रों के जरिए आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी।

गैंगस्टर कनेक्शन की जांच जारी

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इशांत न केवल नीरज फरीदपुरिया गैंग से जुड़ा था, बल्कि संभव है कि इस फायरिंग के पीछे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का भी हाथ हो। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हमला गैंगवार का हिस्सा था या किसी और कारण से एल्विश यादव को निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS