लखनऊ, डिजिटल आवाज प्लस। राजधानी लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में कथित वसूली प्रकरण को लेकर पुलिस कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई करते हुए थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, खासकर इसलिए क्योंकि मामला वीआईपी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौतमपल्ली थाना क्षेत्र में तैनात SHO रत्नेश कुमार सिंह समेत थाने के अन्य पुलिसकर्मियों पर एक व्यक्ति से करीब ढाई लाख रुपये की वसूली करने का गंभीर आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पुलिस एक व्यक्ति को पकड़कर थाने लाई थी, जहां उससे कथित तौर पर यह रकम वसूली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर द्वारा तत्काल जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही, थाने में तैनात अन्य दरोगा और सिपाहियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
कार्रवाई के तहत गौतमपल्ली थाने की कमान अब विपिन सिंह को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि यह थाना मुख्यमंत्री आवास क्षेत्र के अंतर्गत आता है, ऐसे में इस तरह के भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
