कांकेर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो कारों की टक्कर में 6 की मौत, 3 गंभीर

आवाज़ प्लस | समाचार

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-30 पर नथिया नवागांव के पास हुई, जहां दो स्विफ्ट कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ परिवार चारामा ब्लॉक के उड़कुड़ा गांव का निवासी था, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही छह लोगों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों में तीन महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को तत्काल कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सड़क पर धीमी गति से चलने का संकेत बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन संभवतः वाहन चालकों ने इसे नजरअंदाज किया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

नेशनल हाईवे-30 बना हादसों का हॉटस्पॉट
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-30 पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। जनवरी महीने में इसी मार्ग पर बस-बाइक और ट्रकों की टक्कर में कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे यह मार्ग लगातार सवालों के घेरे में बना हुआ है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS