एंकर (स्टूडियो):
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

वीओ (रिपोर्ट):
मामला मिर्जापुर के कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारू इलाके का है, जहां सुबह टहलने निकले वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बेहद करीब से देसी तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वीओ-2:
इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गोली मारने के बाद बदमाश भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी बाइक कुछ देर तक स्टार्ट नहीं होती।
वीओ-3:
इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग हिम्मत दिखाकर बदमाशों को पकड़ने के लिए आगे बढ़ते हैं, लेकिन पीछे बैठे आरोपी ने तमंचा लहराकर लोगों को डरा दिया। इसके बाद बाइक स्टार्ट होते ही दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
एंकर (समापन):
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे खुलेआम इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
