आवाज़ प्लस | खेल डेस्क
आईपीएल 2026 में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे ऑरेंज कैप की रेस भी बेहद रोमांचक होती जा रही है। अब तक खेले गए 20 मैचों के बाद बल्लेबाजों के बीच रन बनाने की होड़ तेज हो गई है।

इस समय राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 200 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि वह इस सीजन में 200 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उनका औसत 50 और स्ट्राइक रेट 266.67 का है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। सूर्यवंशी अब तक 18 चौके और 18 छक्के जड़ चुके हैं।
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार भी उनसे पीछे नहीं हैं। पाटीदार ने 4 मैचों में 195 रन बनाए हैं और वह सूर्यवंशी से केवल 5 रन पीछे हैं। उनका औसत 65 और स्ट्राइक रेट 214.29 का है। उन्होंने 11 चौके और 18 छक्के लगाए हैं, जिससे साफ है कि वह भी शानदार फॉर्म में हैं।
तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन काबिज हैं, जिन्होंने 4 मैचों में 184 रन बनाए हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के ही यशस्वी जायसवाल 183 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं। राजस्थान की टीम अब तक इस सीजन में अजेय रही है, जिसका बड़ा श्रेय उनकी सलामी जोड़ी को जाता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मैचों में कौन सा बल्लेबाज इस रेस में बढ़त बनाता है और ऑरेंज कैप अपने नाम करता है। आईपीएल का यह सीजन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के कारण और भी रोमांचक होता जा रहा है।
