पटना: बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में इस्तीफे का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

सूत्रों के मुताबिक, दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक में नए नेता के नाम पर मुहर लग सकती है, जबकि शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक में औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे हैं।
डिप्टी सीएम को लेकर भी चर्चाएं तेज
नई सरकार के गठन को लेकर मंत्रिमंडल के संभावित चेहरों पर भी कयास लगाए जा रहे हैं। खासतौर पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। सूत्रों का दावा है कि इस बार बिहार में केवल एक ही उपमुख्यमंत्री हो सकता है, जबकि मौजूदा सरकार में दो डिप्टी सीएम हैं।
मंत्रिमंडल में हो सकता है बड़ा बदलाव
नई सरकार में बीजेपी अपने कोटे से कुछ नए चेहरों को मौका दे सकती है। ‘नॉन-परफॉर्मिंग’ माने जा रहे मंत्रियों की छुट्टी की भी चर्चा है। इसके अलावा, नितिन नवीन के राष्ट्रीय राजनीति में जाने के बाद खाली हुई जगह को किसी प्रभावशाली नेता से भरे जाने की संभावना जताई जा रही है।
कुछ ही घंटों में साफ होगी तस्वीर
राज्य की सत्ता में यह बदलाव बिहार की राजनीति के लिए निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि एनडीए किस चेहरे पर भरोसा जताता है और नई सरकार किस दिशा में आगे बढ़ती है।
