फतेहगढ़ साहिब/चंडीगढ़: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा बस्सी पठाना क्षेत्र के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। अचानक बस एक बिजली के खंभे से टकरा गई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों—फतेहगढ़ साहिब और बस्सी पठाना—में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अंदेशा तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही का जताया जा रहा है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरी ओर, पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 6 पिस्तौल बरामद की गई हैं।
पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और राज्य में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा (30), निवासी काजीकोट, तरन तारन; प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24), निवासी छेहरटा, अमृतसर; और गौरव राणा (25), निवासी गुरु नानक एवेन्यू, अमृतसर के रूप में हुई है।
डीजीपी ने बताया कि गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहन जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
(आवाज़ प्लस के लिए विशेष रिपोर्ट)
