तीन दिन से बंद दुकान में मिली युवती की लाश, लिव-इन पार्टनर फरार

गोरखपुर | आवाज़ प्लस

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन दिनों से बंद एक दुकान के अंदर से 25 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। घटना जिला पंचायत रोड स्थित महाराणा प्रताप बिल्डिंग की है, जहां ‘यश फ्लैक्स’ नाम की दुकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दुकान का शटर खुलवाया, तो अंदर युवती का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान कुमारी गंगोत्री यादव के रूप में हुई है, जो महराजगंज जिले की निवासी थी और गोरखपुर में यह दुकान चलाती थी।

8 साल से साथ रह रहा था पार्टनर

परिजनों के अनुसार, गंगोत्री पिछले करीब 8 वर्षों से अनिल गुप्ता नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। पिछले तीन दिनों से गंगोत्री का मोबाइल फोन बंद था, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब वे गोरखपुर पहुंचे और दुकान तक पहुंचे, तो वहां से आ रही बदबू के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तीन दिन से बंद थी दुकान, पार्टनर फरार

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। इस बीच किसी ने अंदर जाने की कोशिश नहीं की। घटना के बाद से अनिल गुप्ता फरार बताया जा रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं—हत्या, आत्महत्या या अन्य कारणों—की जांच कर रही है।

फिलहाल जांच जारी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS