भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर Smriti Mandhana ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भले ही वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इसी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया। मंधाना अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (पुरुष और महिला दोनों मिलाकर) में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।

इससे पहले यह रिकॉर्ड Rohit Sharma के नाम था, जिन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 159 मैचों में 4231 रन बनाए थे। मंधाना ने 161 मैचों में 4244 रन बनाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। उनके नाम एक शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं, और उनका स्ट्राइक रेट 124.45 का रहा है।
महिला टी20 इंटरनेशनल में भी टॉप खिलाड़ियों में शामिल
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मंधाना दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस सूची में पहला स्थान न्यूजीलैंड की Suzie Bates के पास है, जिन्होंने 181 मैचों में 4717 रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर भारतीय कप्तान Harmanpreet Kaur (3869 रन), चौथे पर Chamari Athapaththu (3637 रन) और पांचवें स्थान पर Sophie Devine (3587 रन) हैं।
पहले टी20 में भारत को हार, साउथ अफ्रीका 1-0 से आगे
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। शैफाली वर्मा ने 34 और जेमिमा रोड्रिग्स ने 36 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 47 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवर में मैच जीत लिया। कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 51 रन और एनेरी डर्कसेन ने 44 रन की अहम पारी खेली। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
सीरीज का दूसरा मुकाबला 19 अप्रैल को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम वापसी की कोशिश करेगी।
