बाली में भारतीय पर्यटकों की हरकत से देश की छवि पर सवाल, रिसॉर्ट से सामान चोरी का मामला सामने

आवाज़ प्लस | विशेष रिपोर्ट

इंडोनेशिया के मशहूर पर्यटन स्थल बाली से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने विदेशों में भारतीय पर्यटकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक लग्जरी रिसॉर्ट में ठहरे भारतीय पर्यटकों पर होटल की संपत्ति चोरी करने का आरोप लगा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, चार भारतीय पर्यटकों का एक समूह बाली के गियान्यार क्षेत्र स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था। ये पर्यटक 16 अप्रैल को चेक-इन हुए थे और 19 अप्रैल को चेकआउट करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान होटल स्टाफ को रूटीन जांच में कमरे से कुछ सामान गायब होने का संदेह हुआ।

जब स्टाफ ने पर्यटकों के बैग की जांच की, तो उसमें रिसॉर्ट से संबंधित कई वस्तुएं बरामद हुईं। इनमें हेयर ड्रायर, डोरमैट, टीवी रिमोट, बाथ टॉवल, रॉब्स और खाने के बर्तन शामिल थे।

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

वायरल क्लिप में रिसॉर्ट स्टाफ रिसेप्शन के पास पर्यटकों के सूटकेस खोलकर सामान निकालते हुए नजर आ रहा है। पर्यटक इस दौरान असहज दिखे और कैमरे से नजरें चुराते रहे। एक-एक करके चोरी का सामान जमीन पर रखा गया, जिससे स्थिति और शर्मनाक हो गई।

रिसॉर्ट ने नहीं की कानूनी कार्रवाई

हालांकि मामला गंभीर था, लेकिन रिसॉर्ट प्रबंधन ने समझदारी दिखाते हुए इसे कानूनी स्तर तक नहीं बढ़ाया। पर्यटकों ने चोरी किया गया पूरा सामान वापस कर दिया और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। इसके बाद उन्हें बिना किसी पुलिस कार्रवाई के जाने दिया गया।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया।

एक यूजर ने लिखा, “विदेश घूमने का खर्च है, लेकिन तौलिए खरीदने का नहीं?”
दूसरे ने कहा, “ऐसी घटनाएं विदेशों में भारतीयों के प्रति गलत धारणा को और मजबूत करती हैं।”

बड़ा सवाल

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि विदेश यात्रा के दौरान भारतीय पर्यटकों का आचरण कितना जिम्मेदार होना चाहिए। कुछ लोगों की गलत हरकतें पूरे देश की छवि को प्रभावित कर सकती हैं।

बाली की यह घटना केवल एक चोरी का मामला नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय बन गई है। जरूरत है कि विदेशी धरती पर हर भारतीय अपने व्यवहार से देश की गरिमा को बनाए रखे।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS