आरबी चौधरी का निधन: तमिल सिनेमा ने खोया एक बड़ा निर्माता, विजय के स्टारडम में निभाई थी अहम भूमिका

चेन्नई/जोधपुर: दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्माता आरबी चौधरी के निधन से तमिल सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई है। 5 मई को राजस्थान के जोधपुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उनका निधन हो गया। इस खबर के सामने आते ही फिल्म जगत में मातम पसर गया। आज उनका पार्थिव शरीर चेन्नई लाया जा रहा है।

आरबी चौधरी सिर्फ एक सफल निर्माता नहीं थे, बल्कि तमिल सिनेमा के सबसे भरोसेमंद और प्रभावशाली फिल्ममेकर्स में गिने जाते थे। उनका असली नाम रतनलाल भगचंद चौधरी था। राजस्थान में जन्मे चौधरी ने शुरुआत में ज्वेलरी, आयरन मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट जैसे कारोबार में सफलता हासिल की, लेकिन बाद में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी अलग पहचान बनाई।

1988 में शुरू हुआ फिल्मी सफर

आरबी चौधरी ने बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में मलयालम फिल्म ‘आदि पापम’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों का निर्माण किया, लेकिन विक्रम की फिल्म ‘पुधु वसंतम’ ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई।

उनके बैनर ‘सुपर गुड फिल्म्स’ के तहत बनी फिल्मों ने साउथ सिनेमा में नया इतिहास रचा। उन्होंने ‘नट्टामई’, ‘पूवे उनाक्कागा’, ‘लव टुडे’, ‘सूर्यवंशम’, ‘थुल्लाधा मनमम थुल्लम’, ‘आनंदम’ और ‘तिरुपाची’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों का निर्माण किया।

विजय को बनाया ‘मास सुपरस्टार’

थलापति विजय के करियर को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में भी आरबी चौधरी की अहम भूमिका रही। फिल्म ‘पूवे उनाक्कागा’ विजय के करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई, जबकि ‘तिरुपाची’ ने उन्हें दर्शकों के बीच एक बड़े कमर्शियल हीरो के रूप में स्थापित कर दिया।

इतना ही नहीं, उनकी फिल्मों ने आर सरथकुमार समेत कई सितारों के करियर को नई दिशा दी।

अधूरी रह गई 100वीं फिल्म

करीब चार दशक लंबे अपने शानदार करियर में आरबी चौधरी लगातार सक्रिय रहे। वह अपनी 100वीं फिल्म की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक हुए हादसे ने इस सफर को अधूरा छोड़ दिया।

उनके बेटे जीवा और जिथन रमेश भी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेता के रूप में सक्रिय हैं और सुपर गुड फिल्म्स से जुड़े रहे हैं।

आरबी चौधरी के निधन से दक्षिण भारतीय सिनेमा को एक ऐसा नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई करना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS