नई दिल्ली: Mallikarjun Kharge को शुक्रवार दोपहर केरल कांग्रेस पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद राज्य में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर तस्वीर कुछ हद तक साफ हो सकती है। कांग्रेस विधायकों से बातचीत के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट में तीन बड़े नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बताए जा रहे हैं।

केसी वेणुगोपाल सबसे आगे!
सूत्रों के मुताबिक, K. C. Venugopal को सबसे ज्यादा विधायकों का समर्थन मिला है। बताया जा रहा है कि करीब 40 से 43 विधायक उनके पक्ष में हैं। वे राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं, इसलिए अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस आलाकमान उन्हें केरल की कमान सौंपता है या नहीं।
रमेश चेन्निथला भी रेस में
अगर वेणुगोपाल के नाम पर सहमति नहीं बनती है तो Ramesh Chennithala को मजबूत विकल्प माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि उन्हें 20 से ज्यादा विधायकों का समर्थन हासिल है।
वीडी सतीशन को सहयोगी दलों का साथ
वहीं V. D. Satheesan को कांग्रेस के साथ-साथ UDF के सहयोगी दलों का भी समर्थन मिल रहा है। IUML, केरल कांग्रेस (जोसेफ गुट) और RSP जैसे दलों का मानना है कि विपक्ष के नेता के तौर पर सतीशन ने जमीनी स्तर पर प्रभावी काम किया है।
आलाकमान के फैसले पर टिकी निगाहें
अब अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पार्टी हाईकमान को लेना है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि कांग्रेस संगठन अनुभव, विधायकों का समर्थन और सहयोगी दलों की राय—तीनों को ध्यान में रखकर फैसला कर सकती है।
