बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ा एक्शन, बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल बर्खास्त

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री Baba Siddique की हत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में बाबा सिद्दीकी के बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

दरअसल, 12 अक्टूबर 2024 की रात बांद्रा स्थित उनके बेटे और विधायक Zeeshan Siddique के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।

जानकारी के मुताबिक, श्याम सोनावणे मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन एंड सिक्योरिटी ब्रांच में तैनात थे और बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हत्या के बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में उन्हें ड्यूटी में लापरवाही का दोषी पाया गया, जिसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बाद में मुंबई पुलिस ने उन्हें बर्खास्तगी पत्र सौंप दिया, जिसे उन्होंने 2 मई को स्वीकार कर लिया।

वहीं, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में मुंबई की विशेष अदालत ने 27 आरोपियों के खिलाफ मकोका और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए हैं। इनमें हत्या, शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। अदालत में आरोप तय होने के साथ ही अब मामले की सुनवाई का अगला चरण शुरू होगा।

इस केस में कुख्यात Lawrence Bishnoi गैंग का नाम भी सामने आया था। पुलिस की चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई के भाई Anmol Bishnoi को आरोपी बनाया गया है। अभियोजन पक्ष का दावा है कि अपराध जगत में दबदबा कायम करने के मकसद से बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS