ट्रेन से लापता हुई प्रज्ञा सिंह बिहार के बेगूसराय में मिलीं, पुलिस ने परिवार को सौंपा

लक्सर: देहरादून से गाजियाबाद आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस में लापता हुई प्रज्ञा सिंह को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। यह मामला सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहा। पुलिस ने प्रज्ञा सिंह को बिहार के बेगूसराय से खोज निकाला और बाद में उन्हें कानपुर स्थित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, कानपुर निवासी मनीष और उनकी पत्नी प्रज्ञा सिंह केदारनाथ यात्रा से लौट रहे थे। वापसी के दौरान लक्सर कोतवाली क्षेत्र में ट्रेन के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद मनीष सो गए थे और इसी दौरान प्रज्ञा सिंह ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन में बैठ गईं।

जब मनीष की आंख खुली तो पत्नी सीट पर नहीं थीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मनीष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई राज्यों में तलाश अभियान चलाया।

आखिरकार पुलिस ने प्रज्ञा सिंह को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार महिला पूरी तरह सुरक्षित हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रज्ञा सिंह को बरामद करने के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS