महाराष्ट्र के बारामती में एक बार फिर प्रशिक्षण विमान हादसे की घटना सामने आई है। रेडबर्ड कंपनी का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गोजुबाबी गांव की सीमा में अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विमान में मौजूद प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बताया जा रहा है। हादसे में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, विमान किस कारण से दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी खराबी, मौसम या पायलटिंग एरर जैसे सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि बारामती में इससे पहले भी ट्रेनिंग विमान हादसों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे फ्लाइंग ट्रेनिंग सेफ्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी लगातार हो रहे ऐसे हादसों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
