कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और निर्माता दिलीप राज का 48 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके अचानक निधन से पूरी कन्नड़ इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिलीप राज ने फिल्मों, टीवी, थिएटर और डबिंग की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई थी। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में मिलन, यू-टर्न, ‘ऑर्केस्ट्रा मैसूर’, ‘बॉयफ्रेंड’ और लव मॉकटेल 3 शामिल हैं। फिल्म ‘मिलन’ में दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के साथ निभाए गए उनके किरदार को काफी सराहना मिली थी।
टीवी इंडस्ट्री में भी दिलीप राज एक लोकप्रिय चेहरा थे। उन्होंने ‘हिटलर कल्याणा’, ‘जननी’, ‘रंगोली’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘मंगल्या’ और ‘प्रीतिगति’ जैसे कई चर्चित धारावाहिकों में अभिनय किया। इसके अलावा उन्होंने कई रियलिटी शोज को भी होस्ट किया और अपने बैनर ‘डीआर क्रिएशन्स’ के तहत कई टीवी सीरियल्स का निर्माण भी किया।
अभिनेता डोडन्ना ने दिलीप राज के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह खबर उनके लिए बेहद सदमे वाली है। सोशल मीडिया पर फैंस और कलाकार लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
दिलीप राज के निधन से कन्नड़ सिनेमा ने एक प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है। उनकी शानदार अदाकारी और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
