लखनऊ/नई दिल्ली:
अगर आप खाने-पीने या रोजमर्रा के सामान के लिए ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स पर निर्भर रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। शनिवार को देशभर के गिग वर्कर्स यानी डिलीवरी बॉयज हड़ताल पर जाने वाले हैं। इस वजह से दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक Zomato, Swiggy, Blinkit और Zepto जैसी सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।

डिलीवरी पार्टनर्स ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में यह कदम उठाया है। गिग वर्कर्स का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है, जबकि कंपनियों की ओर से भुगतान दरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे और बेंगलुरू जैसे बड़े शहरों में इस हड़ताल का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन शहरों में बड़ी संख्या में लोग खाने, किराना और जरूरी सामान के लिए ऑनलाइन ऐप्स पर निर्भर रहते हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि हड़ताल दोपहर के समय हो रही है, जब सामान्य दिनों की तुलना में ऑर्डर कम होते हैं।
बताया जा रहा है कि हड़ताल के दौरान डिलीवरी बॉयज ऐप्स को ऑफलाइन रखेंगे, जिससे ग्राहकों के ऑर्डर स्वीकार नहीं किए जाएंगे या डिलीवरी में देरी हो सकती है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें बनी वजह
गौरतलब है कि शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। पिछले चार वर्षों में पहली बार ईंधन कीमतों में इतना बड़ा बदलाव देखने को मिला है। तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने का हवाला देते हुए यह फैसला लिया।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। ईंधन महंगा होने से सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा है, जिनकी रोजी-रोटी पूरी तरह बाइक आधारित डिलीवरी सेवाओं पर टिकी हुई है।
गिग वर्कर्स की मांगें
डिलीवरी कर्मियों की मांग है कि—
- प्रति डिलीवरी भुगतान बढ़ाया जाए
- पेट्रोल भत्ता दिया जाए
- इंसेंटिव सिस्टम में सुधार किया जाए
- काम के घंटे और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जाए
फिलहाल कंपनियों की ओर से इस हड़ताल पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Aawaz Plus News
“आपकी आवाज, सच के साथ”
