नई दिल्ली (आवाज़ प्लस):
देश के कई हिस्सों में इस साल अप्रैल से जून के बीच भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गंगा के मैदानी क्षेत्रों, पूर्वी तटीय राज्यों और पश्चिमी भारत के गुजरात व महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में लू (हीटवेव) को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक दिनों तक लू चल सकती है।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि कई क्षेत्रों में तापमान पहले से ही 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाता है। विदर्भ जैसे इलाकों में तापमान 41-42 डिग्री तक रहता है, जबकि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मई के दौरान पारा 40-44 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को ज्यादा गर्म दिनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में लू का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाओं का प्रकोप रहेगा। वहीं गंगा के मैदानी इलाकों—जिनमें उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा शामिल हैं—में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
IMD ने बताया कि लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप, डिस्प्ले बोर्ड और सरकारी अलर्ट सिस्टम का सहारा लिया जा रहा है। मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और खेतों में काम करने वाले लोगों तक विशेष रूप से जानकारी पहुंचाई जा रही है। साथ ही नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल के जरिए मोबाइल पर भी चेतावनी भेजी जा रही है।
मौसम विभाग हर गुरुवार को चार हफ्तों का विस्तारित पूर्वानुमान जारी करता है, जबकि जिला स्तर पर रोजाना सात दिन की चेतावनी भी दी जाती है। विभाग ने फरवरी के अंत में मार्च, अप्रैल और मई के लिए पहला पूर्वानुमान जारी किया था, जिसे मार्च के अंत में अपडेट कर जून तक के लिए विस्तारित किया गया।
सलाह:
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
