लखनऊ/डेस्क (आवाज़ प्लस):
मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव गहराता नजर आ रहा है। ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर किए गए ड्रोन हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। यह हमला UAE के फुजैराह स्थित एक महत्वपूर्ण तेल संयंत्र पर किया गया, जिससे वहां आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पीएम मोदी ने जताई कड़ी आपत्ति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भारत UAE के साथ मजबूती से खड़ा है और सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए होना चाहिए। पीएम ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवागमन को वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद अहम बताया।
भारतीय दूतावास सतर्क
UAE में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि हमले में तीन भारतीय घायल हुए हैं। दूतावास ने कहा कि प्रभावित नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर संभव मदद दी जा रही है।
फुजैराह में बड़ा नुकसान
हमले के बाद फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन में आग लग गई, जिससे तेल आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
फिर भड़क सकती है जंग
इस घटना के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की ओर से अमेरिकी नौसेना पर मिसाइल दागी गई, जबकि अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई में ईरानी नौकाओं को निशाना बनाने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी आगे कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
UAE पर हुआ यह हमला न केवल क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है, बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर भी इसका गहरा असर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं, इस पर दुनिया की नजर बनी हुई है।
