कोलकाता/ढाका: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर कब्जा कर लिया है। 15 साल तक राज्य की सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ा। BJP ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि TMC महज 80 सीटों तक सिमट गई।

बंगाल चुनाव के नतीजों पर अब बांग्लादेश से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बांग्लादेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी BNP के सूचना सचिव अजीजुल बरी हेलाल ने TMC की हार को “चौंकाने वाला” बताया है।
BJP और सुवेंदु अधिकारी को दी बधाई
अजीजुल बरी हेलाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली TMC इतनी बड़ी हार झेलेगी। उन्होंने BJP और सुवेंदु अधिकारी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि इस बदलाव से भारत और बांग्लादेश के संबंध और मजबूत हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि BJP सरकार के आने से दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण रिश्तों को नई दिशा मिल सकती है और कई लंबित मुद्दों का समाधान भी संभव है।
तीस्ता समझौते पर भी दिया बड़ा बयान
BNP नेता ने दावा किया कि पहले ममता बनर्जी तीस्ता जल समझौते में बड़ी बाधा थीं। उनके मुताबिक अब पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से लंबित तीस्ता समझौते को आगे बढ़ाने में आसानी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद भारत और बांग्लादेश कई अहम मुद्दों पर एकमत हैं और आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्ते और बेहतर हो सकते हैं।
बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव
पश्चिम बंगाल में BJP की इस जीत को राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक हलकों में लगातार प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है, वहीं पड़ोसी देश बांग्लादेश की प्रतिक्रिया ने भी इस चुनाव को अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बना दिया है।
