बंगाल में ममता की हार के बाद अखिलेश यादव ने उठाया बड़ा कदम, I-PAC के साथ डील रद्द

लखनऊ/कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का असर अब दूसरे राज्यों की राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार और ममता बनर्जी की चुनावी शिकस्त के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनी I-PAC के साथ अपनी डील रद्द कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने पहले I-PAC को चुनावी प्रबंधन और रणनीति की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन बंगाल चुनाव में TMC के खराब प्रदर्शन के बाद अखिलेश यादव ने अपना रुख बदल लिया है।

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में TMC की पूरी चुनावी रणनीति और कैंपेन मैनेजमेंट I-PAC के हाथ में था, बावजूद इसके पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, चुनाव के दौरान ईडी की कार्रवाई के बाद I-PAC भी विवादों में आ गई थी। इसी के बाद सपा नेतृत्व ने डील खत्म करने का फैसला लिया।

उधर, पश्चिम बंगाल और असम चुनाव के नतीजों के बाद INDI गठबंधन में भी हलचल तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश में 2027 की तैयारी को लेकर अखिलेश यादव अब खुद मैदान में उतर गए हैं। इसी कड़ी में वह आज शाहजहांपुर दौरे पर जा रहे हैं, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन और बूथ स्तर को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

गौरतलब है कि शाहजहांपुर जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है। वहीं जिले में मुस्लिम वोटरों की संख्या भी काफी अहम मानी जाती है। ऐसे में माना जा रहा है कि अखिलेश यादव अब अपने MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण को फिर से मजबूत करने की कोशिश में जुट गए हैं।

Awaz Plus News

Click to Un-Mute
WhatsApp icon
AWAZ PLUS
Contact us!
Phone icon
AWAZ PLUS